

भोपाल। भारतीय मूल की कनाडाई एक्ट्रेस सनी लियोनी रागिनी MMS-2 के प्रमोशन के लिए गुरुवार को भोपाल में थीं। वे जब सुबह मुंबई से भोपाल पहुंचीं, तब उनका पहनावा पश्चिमी था। लेकिन जब वे दोपहर में मीडिया और अपने प्रशंसकों से मुखातिब हुईं, तब वे भारतीय वस्त्रों में थीं। सुबह उन्होंने जींस, जैकेट और कैप पहना हुआ था, जबकि दोपहर में वे पंजाबी सलवार-शूट में डीबी सिटी स्थित फन सिनेमा पहुंचीं। दरअसल, यह लुक प्रमोशन की डिमांड थी। सनी ने यहां रागिनी MMS-2 के लोकप्रिय सांग 'बेबी डॉल' पर डांस किया। कुमार के लिखे इस गीत के बोल पंजाबी हैं। यह और बात है कि फिल्म में इस गीत पर सनी ने बोल्ड डांस किया है, जबकि यहां उन्होंने सादगी और संयमपूर्ण तरीके से ठुमके लगाए। सनी मूलत: पंजाबी हैं और उन्हें यह पहनावा अत्यंत भाता है।

32 वर्षीय करनजीत कौर वोहरा उर्फ सनी लियोनी कहती हैं कि आपको अमेरिका और इंडिया में मेरी इमेज एकदम अलग नजर आएगी। वे दो टूक कहती हैं 'आप मेरी पुरानी छवि पर मत जाइए। जिस्म-2 और रागिनी MMS-2 में बोल्ड सीन्स कैरेक्टर की डिमांड थे। आप उस कैरेक्टर के साथ मेरी एक्टिंग भी देखिए'। 5 फीट और 4 इंच हाइट की सनी कहती हैं कि मैं हर तरह के कैरेक्टर करना चाहती हूं। अगली फिल्मों में आप मुझे एकदम नये अंदाज में देखेंगे। वे देवांग ढोलकिया की फिल्म 'टीना एंड लोलो' के बारे में बता रही थीं। सनी ने इस फिल्म में एक्शन सीन्स किए हैं। वे बताती हैं- इस फिल्म के लिए मैंने मार्शल आर्ट भी सीखा। यह फिल्म इसी जनवरी को रिलीज होनी थी, लेकिन इसकी तारीख अपरिहार्य कारणों से आगे बढ़ानी पड़ी है।
चाय में कुछ ज्यादा ही शक्कर की शौकीन सनी

सनी लियोनी हमेशा मीठा बोलने और मुस्कराने में बिलीव करती हैं। उन्होंने कहा कि 'जिंदगी को फुलऑन जीना चाहिए, क्योंकि जिंदगी मिलेगी न दुबारा'। जानवरों के संरक्षण के लिए काम करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था पेटा से जुड़ी रहीं सनी कहती हैं- किसी के चेहरे पर हंसी लाना बेहद मुश्किल है, रुलाना आसान। मेरा मानना है कि, आप अपने काम, अपने व्यवहार से सबको खुशियां बांटते रहिए। यही जिंदगी है।
वे अपने विरोधियों को जवाब देती हैं:
जिन्हें मेरी फिल्में देखना हैं, देखें; नहीं देखना हैं, तो न देखें। लेकिन मैं इतना अवश्य कहूंगी कि आप ऐसा विरोध न करिए, जिससे लोगों को परेशानी हो, नुकसान हो। सनी वर्ष-2011 में बिग बॉस में हुई अपनी एंट्री को टर्निंग प्वाइंट मानती हैं। वे कहती हैं-बिग बॉस में आने के बाद ही महेश भट्ट ने मुझे 'जिस्म-2' में चांस दिया। प्रियंका चोपड़ा और एकता कपूर को अपना आदर्श मानने वालीं सनी के मुताबिक, दोनों बहुत प्रोफेशनल हैं, अपना काम बेहतर करती हैं। बॉलीवुड की खान-तिकड़ी सलमान, शाहरुख और आमिर के संग फिल्में करने की इच्छुक सनी कहती हैं, सबसे पहले मैं आमिर के संग फिल्म करना चाहूंगी। सनी के संग साये की तरह मौजूद रहे पति डेनियल वेबर उन पर गर्व महसूस करते हैं। वे सनी की अच्छाइयां गिनाते हैं-सनी एक अच्छी पत्नी, अच्छी दोस्त और अपने काम के प्रति समर्पित महिला है। उसने अपनी वर्सेटाइल पर्सनालिटी को भी साबित करके दिखाया है। डेनियल सनी को चिढ़ाने के अंदाज में कहते हैं-हां, इसमें एक खराब आदत है। यह घर की लाइट जलाकर उन्हें बंद करना भूल जाती है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें