vinod upadhyay

vinod upadhyay

मंगलवार, 18 मार्च 2014

सड़कों पर धूमधड़ाम... भूल गए अपना नाम

भोपाल। बुराइयों को दहन करने के बाद सोमवार को सारा शहर एक रंग में रंगा-पुता नजर आया! कौन अपना और कौन पराया; होली के रंगों ने सबको एक-रंग में ढाल दिया था। शहर में होली पर चारों तरफ खुशी का माहौल था। सुबह से ही विशेषकर बच्चों में होली का उल्लास देखा गया। हुरियारों की टोलियां पूरे शहर में घूमीं। नए और पुराने शहर में होली के पारंपरिक जुलूस भी निकले, जिनके लिए नगर निगम ने रास्ते में पानी के विशेष इंतजाम किए थे। सुबह से ही नए शहर की कॉलोनियों में होली का माहौल दिखाई दिया। कोलार रोड की कॉलोनियां हों या गुलमोहर, त्रिलंगा क्षेत्र या फिर रचना नगर गौतम नगर, अवधपुरी का इलाका, सभी कॉलोनियों में बुजुर्ग, बच्चे और लड़कियां अलग-अलग अंदाज में होली खेलने निकल पड़े। बुजुर्ग जहां समूह बनाकर पड़ोसियों के यहां होली मिलने निकले तो बच्चे पिचकारियां और पानी से भरे गुब्बारे लेकर टोली बनाकर खेलते रहे। लड़कियों की होली भी समूह में दिखाई दी, जो बाल्टियां भरकर उनमें पानी और रंग मिलाकर एक-दूसरे पर उड़ेलती दिखाई दीं। पुराने शहर में भी कमोबेश यही माहौल रहा। दिन में भीड़भाड़ से भरे रहने वाला चौक, जुमेराती, घोड़ानक्कास, आजाद मार्केट जैसे क्षेत्र की सड़कें सुबह से ही रंग से भरी बाल्टियों और पिचकारियों की बौछारों से गीली हो चुकी थीं। शाहजहांनाबाद, बरखेड़ी, जहांगीराबाद जैसे क्षेत्रों में कुछ युवक कीचड़ से भी होली खेलते दिखाई दिए। मौसम ने भी हुरियारों का पूरा साथ दिया। राजधानी में सोमवार दोपहर तक न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम 36 डिग्री के आसपास रहा। लिहाजा थोड़ी बढ़ती गर्मी ने पानी में भीगने का आनंद और दोगुना कर दिया। शहर के सभी चौराहों, गली-मोहल्लों में सुबह से ही हुरियारों की टोलियां नजर आने लगी थीं। पुराने शहर में शाहजहांनाबाद, नारियलखेड़ा, टीला जमालपुरा, करोंद, जुमेराती, घोड़ानक्कास, मंगलवारा, बुधवारा, छावनी, बरखेड़ी, जिंसी के अलावा रायसेन रोड स्थित गोविंदपुरा, जेके रोड, अयोध्या नगर, आनंद नगर, पिपलानी, अवधपुरी और नए शहर में जवाहर चौक, नेहरू नगर, एमपी नगर, अरेरा कॉलोनी, शाहपुरा, माता मंदिर,चूना भट्टी आदि तमाम इलाकों में हुरियारों की टोलियां घूमतीं नजर आईं।
पुराने शहर में निकला जुलूस
हिंदू उत्सव समिति द्वारा पुराने शहर में होली का विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में हुरियारे शामिल हुए। पुराने शहर की गलियों से होता हुआ जुलूस जैसे ही सोमवार दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा, नगर निगम के टैंकरों से पानी की बौछारों से उसका स्वागत किया गया। पुराने शहर के दयानंद चौक से जुलूस शुरू हुआ, जिसमें हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह सहित समिति के कई पदाधिकारी मौजूद थे। जुलूस में ऊंट भी शामिल थे। ढोल-ढमाकों के साथ निकले इस जुलूस में शामिल लोग थैलियों में भरकर लाए गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। कई रंगों के गुलाल उड़ाए जाने से जुलूस जहां-जहां से गुजर रहा था, सड़कों पर रंगों की चादर बिछती जा रही थी। जुलूस दयानंद चौक से शुरू होकर लोहा बाजार, चौक, लखेरापुरा, सोमवारा, सिंधी मार्केट होता हुआ जवाहर चौक जुमेराती पहुंचा। इस बीच सोमवारा में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी पीसी शर्मा भी जुलूस में शामिल हो गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें