इन दिनों बॉलिवुड की हीरोइनें अपनी हिंदी सुधारने पर जोर दे रही हैं। ये वहीं एक्ट्रेसेज हैं जिन्होंने बाहर से आकर बॉलिवुड में करियर तो बना लिया लेकिन हिंदी नहीं सीखी। सनी लियोनी, नरगिस फाखरी और कैटरीना जैसी हीरोइनें अपनी हिंदी पर काफी मेहनत कर रही हैं।
हर से बॉलिवुड में आकर काम करने वाली हीरोइनों को समझ में आ गया है कि यहां काम करना है, तो हिंदी सीखनी ही पड़ेगी। तभी तो इन दिनों सनी लिओनी और नरगिस फ़ाख़री भी हिंदी सीखने में बिज़ी हैं। कोई इसे सीखने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है, तो कोई स्पेशल ट्रेनिंग भी ले रही है। लेकिन सबका मकसद यही है कि जल्द से जल्द इन्हें हिंदी बोलनी आ जाए। इससे ये फिल्म में अपने डायलॉग्स तो अच्छी तरह बोल ही पाएंगी और प्रमोशनल इवेंट के दौरान भी यह हिंदी में आसानी से बात कर पाएंगी।
नरगिस को लगता है फन

नरगिस फ़ाख़री ने अपने बॉलिवुड करियर की शुरुआत फिल्म 'रॉकस्टार' से की थी। हाफ पाकिस्तानी और हाफ चेक अमेरिकन मॉडल नरगिस को हिंदी बिल्कुल नहीं आती। लेकिन बॉलिवुड में एंट्री करने के बाद उन्हें यह महसूस हुआ कि यह भाषा आना कितना जरूरी है। इसलिए उन्होंने हिंदी सीखने के लिए क्लासेज लीं।
वह कहती हैं, ‘मैं हर रोज हिंदी सीख रही हूं। जितना काम कर सकती हूं इस लैंग्वेज, पर उतना कर रही हूं। मैंने हिंदी पढ़ना और लिखना दोनों ही सीखा है। बहुत मज़ा आ रहा है मुझे यह सीखने में। मैं बिना सबटाइटल वाली हिंदी फिल्में देखती हूं , ताकि अच्छी तरह सीख सकूं। मैंने करीब एक साल पहले हिंदी की क्लासेज लेनी शुरू की थी। हालांकि, अब भी मैं हिंदी में जोक्स नहीं समझ पाती मगर कोई मुझसे हिंदी में बात करता है, तो मैं समझ जाती हूं।’
कैटरीना का हार्डवर्क

लंदन से आईं कैटरीना कैफ ने हिंदी सीखने पर
काफी मेहनत की है। हालांकि, अभी भी वह उतनी फ्लुएंट हिंदी नहीं बोल पाती हैं, लेकिन फिल्मों में
उनके डिक्शन में काफी सुधार हो चुका है। उन्हें
अपने डायलॉग किसी और से डब करवाना बिल्कुल पसंद नहीं है। इसलिए वह हिंदी काफी मेहनत से सीख रही हैं।
उन्हें यह भाषा सीखाने वाले डिक्शन ट्यूटर आनंद मिश्रा कहते हैं, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि कैटरीना ने हिंदी सीखने में बहुत मेहनत की है। उन्होंने मुझसे हिंदी सीखना तब शुरू किया था जब वह फिल्म ‘मैंने प्यार क्यों किया’ में काम कर रही थीं। अब भी वह कोई फिल्म करती हैं, तो अपने डायलॉग्स पर बहुत मेहनत करती है।’ आनंद कैटरीना के अलावा एवलिन शर्मा, हेजल कीच, चांदनी परेरा, नरगिस फ़ाख़री और मरियम ज़कारिया को भी हिंदी सीखा चुकी हूं।
सनी भी सीख रही हैं

कैनेडियन पोर्न स्टार से बॉलिवुड एक्ट्रेस बनी सनी लियोनी भी हिंदी पर काफी मेहनत कर रही हैं। उनका कहना है कि उन्हें कभी यह पता नहीं था कि वह हिंदी फिल्मों में काम करेंगी। हाल ही में एक टीवी शो में अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए गई सनी एक घंटे पहले ही वहां पहुंच गई। दरअसल, उन्हें शूट के दौरान अपने डायलॉग खुद बोलने थे। वह नहीं चाहती थीं कि उनके डायलॉग कोई और डब करे। यह भाषा सीखने में उन्हें काफी मुश्किल हो रही है, लेकिन सनी इसके लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।
ब्रूना, हेज़ल और मरियम भी
'ग्रैंड मस्ती' में काम करने वाली अरब ब्रैजिलियन मॉडल ब्रूना अब्दुल्ला ने तो फिल्म ही तब तक साइन नहीं की थी, जबतक कि उन्होंने हिंदी सीख नहीं ली। यही नहीं, वह इंडियन क्लासिकल डांस की भी ट्रेनिंग ले रही हैं। स्वीडिश-इरानियन मॉडल मरियम जकारिया भी हिंदी की क्लासेज ले रही हैं।